परेड में दौड़ लगवाकर एसएसपी ने परखी पुलिसकर्मियों की फिटनेस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टोलीवार ड्रिल से अनुशासन का लिया जायजा, मेस, जिम और वाहनों का भी किया निरीक्षण

इटावा संवाददाता। पुलिसकर्मियों की फिटनेस, अनुशासन और पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं को परखने के लिए शुक्रवार को एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड की सलामी ली। इसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों से दौड़ लगवाई और टोलीवार ड्रिल कराकर उनकी शारीरिक क्षमता, एकरूपता व अनुशासन का जायजा लिया। विभिन्न कार्यालयों में तैनात पुलिसकर्मियों ने भी शारीरिक व्यायाम किया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने यूपी-112 के पीआरवी वाहनों की जांच की। उन्होंने दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट एड किट और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता परखी। साथ ही उपकरणों के उचित रखरखाव और वाहनों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मेस में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की गई। एमटी शाखा में वाहनों की स्थिति, अभिलेखों और उपकरणों का निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने फायर सर्विस कार्यालय, बैडमिंटन हॉल, जिम, पुलिस क्लब और आवासीय परिसर की व्यवस्थाएं भी देखीं।

परेड के बाद आदेश कक्ष में रजिस्टरों और अभिलेखों की जांच कर पुलिसकर्मियों का अर्दली रूम किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और पुलिसकर्मियों की फिटनेस व अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]