महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के इलाहाबाद गांव में शनिवार को पारिवारिक विवाद के बाद 22 वर्षीय युवती गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद युवती ने खुद को आग लगा ली। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाई गई और युवती को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पनियरा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, इलाहाबाद गांव निवासी शिवानी (22) पुत्री रामलखन शनिवार दोपहर घर पर थी। इसी दौरान परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद शिवानी ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। इसके बाद उसने खुद को आग लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
गंभीर रूप से झुलसी शिवानी को परिजन पनियरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अधिदेव ने बताया कि युवती करीब 60 प्रतिशत झुलसी है। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बताया गया कि शिवानी दो भाइयों की सबसे छोटी बहन है। दोनों भाइयों की शादी हो चुकी है, जबकि शिवानी अविवाहित है। वह ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से पढ़ाई करने के साथ सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी। उसके पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पनियरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई है। पारिवारिक विवाद के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है।









