भिटौली/महराजगंज। पूर्वांचल किसान शिक्षा समिति भैंसा-भिटौली की नई प्रबंधकारिणी का चुनाव शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को गोरखपुर में सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स, गोरखपुर मंडल भूपेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। कई महीनों से लंबित चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद संस्था की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
संस्था द्वारा संचालित दुर्गावती देवी इंटर कॉलेज, प्रयाग नगर, महराजगंज के प्रबंधक पद पर सुधा मिश्रा पत्नी उपेंद्र मिश्र तथा अध्यक्ष पद पर पूर्व सांसद प्रतिनिधि गोरखपुर एवं भाजपा जिला मंत्री महराजगंज ठाकुर प्रसाद रौनियार को निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
इसके साथ ही उप प्रबंधक और उपाध्यक्ष समेत कुल चार पदाधिकारियों तथा सात सदस्यों का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद संस्था से जुड़े लोगों में उत्साह का माहौल है।
नवनिर्वाचित प्रबंधकारिणी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संस्था के प्रति पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि दुर्गावती देवी इंटर कॉलेज को शैक्षिक क्षेत्र में और बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए मिलकर कार्य किया जाएगा।
नई प्रबंधकारिणी के गठन को संस्था की आगामी गतिविधियों और विद्यालय के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पदाधिकारियों और सदस्यों ने संस्था की गरिमा बनाए रखते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करने की प्रतिबद्धता जताई।









