पटना। चुनाव आयोग और एसआईआर के विरोध में महागठबंधन के लोकभवन मार्च के दौरान पटना में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद, कांग्रेस, माले समेत महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता लोकभवन की ओर मार्च कर रहे थे। सचिवालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया।
बताया गया कि पुलिस की बैरिकेडिंग के सामने पहुंचने पर तेजस्वी यादव खुद बैरिकेड पर चढ़ गए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और खींचतान की स्थिति बन गई। प्रदर्शनकारियों ने करीब तीन बैरिकेडिंग पार कर लीं, जिसके बाद पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया। वहीं वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
मार्च के दौरान तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है और भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बैरिकेडिंग तोड़े जाने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया।









