पंचमुखी विश्वकर्मा मंदिर में गूंजा जय श्रीराम का जयघोष

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। रविवार की रात वेस्टर्न बाजार, लाट नंबर-1 स्थित पंचमुखी श्री विश्वकर्मा मंदिर परिसर में संगीतमय श्रीरामचरित मानस पाठ, यज्ञ-हवन, पूजन एवं कथा का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान श्रीराम की आराधना की और भक्ति में लीन नजर आए।

कथा का आयोजन शाम पांच बजे से रात 11:30 बजे तक हुआ। अयोध्या से आए कथा वाचक पंडित संजय पाठक जी महाराज ने श्रीरामचरित मानस के प्रसंगों का संगीतमय ढंग से वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों की जानकारी दी। कथा के दौरान भजनों और जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालुओं ने कथा के साथ यज्ञ-हवन एवं पूजन में भी सहभागिता की। महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मालती गुप्ता, आरती यादव, अनीता, रीना देवी, बबीता देवी और कलावती देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भजन-कीर्तन में शामिल हुईं। श्रद्धालु भगवान श्रीराम की भक्ति में डूबकर ‘जय श्रीराम’ के जयघोष करते नजर आए।

आयोजन में संरक्षक संतोष शर्मा, सचिव पारितोष शर्मा, उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश शर्मा के अलावा रवि शर्मा, संजीव शर्मा, चिरंजीव लाल शर्मा, द्वारकाधीश जी, किशोरी लाल शर्मा और राजेंद्र शर्मा सहित विश्वकर्मा परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में काफी उत्साह रहा और देर रात तक मंदिर परिसर धार्मिक वातावरण से सराबोर रहा।

 

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]