काठमांडू। नेपाल के हुमला जिले की उत्तरी नामखा ग्रामीण नगरपालिका में न्यालु और नारा पहाड़ी दर्रों पर भारी बर्फबारी के कारण सड़क पर साढ़े तीन फीट तक बर्फ जम गई है। इससे लिमी और हिल्सा क्षेत्र की परिवहन सेवाएं बाधित हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने सड़क पर जमा बर्फ हटाकर यातायात बहाल करने की मांग की है।
वार्ड अध्यक्ष पालजोर तमांग के मुताबिक, लिमी का संपर्क लंबे समय से बाधित है। बीमार लोगों और जरूरी काम से बाहर जाने वालों को हेलीकॉप्टर का सहारा लेना पड़ रहा है। त्योहारों के दौरान बाहर रह रहे लोगों को भी घर लौटने में परेशानी हो रही है।
करीब 5,000 मीटर ऊंचा न्यालु दर्रा लिमी जाने के प्रमुख मार्गों में शामिल है। वहीं, 4,670 मीटर ऊंचे नारा दर्रे पर बर्फ जमने से हिल्सा-सिमिकोट सड़क का एक हिस्सा बंद है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जेसीबी की मदद के बिना सड़क से बर्फ हटाना मुश्किल है।
बर्फबारी से पुलिसकर्मियों को भी परेशानी हो रही है। सुनखानी पुलिस पोस्ट के आसपास करीब तीन फीट बर्फ जमा है। राशन, जलाऊ लकड़ी और पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। प्रशासन ने हालात का जायजा लेने की बात कही है।









