नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद महराजगंज प्रशासन अलर्ट, डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने की प्रेस वार्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में भूस्खलन के कारण स्यार नदी (उंगिलुंग खोला) में प्राकृतिक अवरोध बनने और उसके अचानक टूटने से फ्लैश फ्लड की घटना सामने आई है। इसके चलते नेपाल के निचले क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। इस घटना को देखते हुए महराजगंज जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर स्थिति की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि यह घटना महराजगंज जनपद से लगभग 150 से 180 किलोमीटर उत्तर दिशा में नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में हुई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस घटना का महराजगंज जिले की सीमा में कोई विशेष प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है। फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

सभी संबंधित विभाग अलर्ट

डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। एहतियात के तौर पर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

वाल्मीकिनगर बैराज के जलस्तर पर नजर

जिलाधिकारी ने बताया कि वाल्मीकिनगर बैराज के जलस्तर और संबंधित जल प्रवाह की लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी असामान्य स्थिति की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़ी व्यवस्थाएं भी तैयार रखी गई हैं।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और केवल जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल महराजगंज में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और तैयारियां जारी हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]