बिजनौर। नूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पीपला जागीर निवासी मोहम्मद अरशद ने कुछ लोगों पर झूठे मुकदमे में फंसाने, धमकी देने और समझौते के नाम पर आठ लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद समेत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अरशद के अनुसार, उसकी बहन का वर्ष 2020 में अपने पति के खिलाफ स्योहारा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप है कि मामले में समझौते का दबाव बनाया गया। मना करने पर उसके खिलाफ अलग-अलग स्थानों पर मुकदमे दर्ज कराए गए। पीड़ित का आरोप है कि मुकदमे में फैसला कराने के नाम पर उससे आठ लाख रुपये मांगे गए और रकम नहीं देने पर जेल भिजवाने की धमकी दी गई।
पुलिस ने गुड्डी, जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, रामकली, प्रीति, अन्नू, निसारुलहक उर्फ मलवा और फुरकान समेत अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।









