बिजनौर। नूरपुर-धामपुर मार्ग पर धौलागढ़ गांव के पास सड़क की बदहाल स्थिति से राहगीरों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, गड्ढों के कारण ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल के फिसलने की घटनाएं होती रहती हैं, जिसमें कई लोग चोटिल हो चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब स्थिति को लेकर कई बार संबंधित विभाग और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, ऐसे में सड़क की स्थिति वाहन चालकों के लिए परेशानी बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बिजनौर जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही मुख्यमंत्री से भी सड़क के पुनर्निर्माण की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या का समाधान कब तक करता है।









