करंट की चपेट में आने से महिला की मौत, बचाने पहुंची बच्ची भी को भी लगा बिजली का झटका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बृजमनगंज/महराजगंज थाना क्षेत्र के गोलसागर गांव में गुरुवार सुबह बिजली की चपेट में आने से 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला को बचाने पहुंची 10 वर्षीय बच्ची भी चपेट में आने से घायल हो गई। ग्रामीणों ने बिजली की सप्लाई बंद कराने के बाद दोनों को करंट की चपेट से बाहर निकाला। महिला को सीएचसी बृजमनगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल बच्ची का इलाज चल रहा है।

गोलसागर गांव निवासी पूजा (32) पत्नी राम सहाय सुबह घर में टांड से रस्सी उतार रही थीं। इसी दौरान पास में रखी लोहे की दरांती(हंसिया) फिसलकर नीचे गिर गई। दरांती पास से गुजर रहे बिजली के तार के संपर्क में आ गई, जिससे उसमें करंट उतर गया। पूजा ने दरांती हटाने के लिए जैसे ही हाथ बढ़ाया, करंट का तेज झटका लगने से वह जमीन पर गिर पड़ीं।

पूजा को करंट की चपेट में देखकर परिवार के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े। इसी दौरान उनके जेठ की 10 वर्षीय बेटी नेहा भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई। ग्रामीणों ने बिजली की सप्लाई बंद कराकर दोनों को बाहर निकाला।

परिजन पूजा को तत्काल सीएचसी बृजमनगंज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल नेहा का इलाज चल रहा है।

बताया गया कि पूजा के पति राम सहाय मुंबई में काम करते हैं। उनके दो बेटे और एक बेटी हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि करंट की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है, जबकि एक बच्ची को बिजली का हल्का झटका लगा है। शव को कब्जे में लेकर पंचनामाकी कार्रवाई की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]