निचलौल में मीट बेचने के दौरान चाकूबाजी, राहगीर किशोर गंभीर रूप से घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। निचलौल नगर के मिया वार्ड में सोमवार को मीट बेचने के दौरान दो दुकानदारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों दुकानदारों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहा 17 वर्षीय किशोर चाकू के हमले की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि मिया वार्ड में सड़क किनारे मीट बेच रहे दो दुकानदारों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। कुछ ही देर में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों एक-दूसरे पर आक्रोशित होकर चाकू चलाने लगे। इसी दौरान माड़वाड़ी वार्ड निवासी हरिओम अग्रवाल (17) वहां से गुजर रहा था। चाकूबाजी के दौरान वह घायल हो गया।

घायल होने के बाद हरिओम मौके पर ही तड़पने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी। सूचना मिलने पर हरिओम के पिता अजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। परिजनों के अनुसार, किशोर की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों दुकानदारों को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद मिया वार्ड समेत आसपास के इलाके में दहशत का माहौल देखा गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि चाकूबाजी की घटना की सूचना मिली है। दो लोगों को कब्जे में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]