झांसी। जनपद के मऊरानीपुर तहसील अंतर्गत लहचूरा थाना क्षेत्र के धमना पायक गांव में शुक्रवार सुबह एक 42 वर्षीय व्यक्ति का शव खेत में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान धमना पायक गांव निवासी 42 वर्षीय नंदकिशोर पुत्र बृजगोपाल पटेल के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह खेत में खड़े बबूल के पेड़ पर रस्सी के सहारे उनका शव लटका दिखाई दिया। घटना की सूचना सुबह करीब 7 बजकर 17 मिनट पर डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही लहचूरा थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
वहीं, मऊरानीपुर तहसीलदार ललित पांडेय और हल्का लेखपाल पुष्पेंद्र वर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं, घटनास्थल से सुसाइड नोट मिलने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल नंदकिशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई के साथ मामले की जांच कर रही है।









