नंगे पैर 75 जिलों की परिक्रमा पर निकले महामंडलेश्वर मनोजानंद गोल्डन गिरी पहुंचे हरदोई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

26 जिलों की यात्रा पूरी, हरदोई बना 27वां पड़ाव, सनातन धर्म की रक्षा और नशामुक्त भारत का दिया संदेश

हरदोई। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों की नंगे पैर परिक्रमा पर निकले श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के राष्ट्रीय उपसंयोजक महामंडलेश्वर मनोजानंद गोल्डन गिरी महाराज शनिवार को हरदोई पहुंचे। हरपालपुर क्षेत्र के रानीखेड़ा गांव स्थित बाबा नीम करौली संत शिव सेवा आश्रम में आयोजित 26वें सतचंडी महायज्ञ एवं श्रीराम कथा में शामिल होकर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की।

पत्रकारों से बातचीत में महामंडलेश्वर ने बताया कि उन्होंने चार फरवरी 2024 को करीब साढ़े चार किलोग्राम वजन के चांदी के जूते त्यागकर नंगे पैर परिक्रमा शुरू की थी। अब तक 26 जिलों की यात्रा पूरी कर चुके हैं और हरदोई उनकी यात्रा का 27वां पड़ाव है।

उन्होंने कहा कि इस परिक्रमा का उद्देश्य सनातन धर्म का संरक्षण, भारतीय संस्कृति का प्रचार-प्रसार और समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करना है। साथ ही नशामुक्त और रोगमुक्त भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

महामंडलेश्वर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद योगी आदित्यनाथ को प्रधानमंत्री बनाए जाने तक अपनी परिक्रमा जारी रखने का राजनीतिक संकल्प भी दोहराया।

आश्रम पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और श्रीराम कथा से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम में हैदराबाद से आए श्रीश्री 1008 अमृत दास खाखी महाराज, बच्चा बाबा महाराज और महंत बिरजू दास महाराज सहित अन्य संत मौजूद रहे।

 

रिपोर्ट- अमित सिंह, हरदोई

और पढ़ें

[the_ad id="164"]