गाजीपुर में दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, हाईटेंशन तारों के पास बने पंडाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहर के 64 पूजा पंडालों में किसी ने नहीं लिया अस्थायी बिजली कनेक्शन, विद्युत विभाग ने समितियों को लिखा पत्र

गाजीपुर। जिले में दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर में कई दुर्गा पूजा पंडाल हाईटेंशन बिजली तारों के नजदीक बनाए गए हैं। वहीं, बिजली विभाग के अनुसार शहर में स्थापित 64 पूजा पंडालों में से किसी भी समिति ने अस्थायी बिजली कनेक्शन नहीं लिया है। इससे विद्युत सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा समितियों द्वारा पंडालों की स्थापना में बिजली सुरक्षा के मानकों की अनदेखी की जा रही है। कई स्थानों पर हाईटेंशन तारों के करीब पंडाल खड़े किए गए हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।

विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता गोपाल सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी दुर्गा पूजा समितियों को पत्र जारी किया है। पत्र में समितियों से नियमानुसार अस्थायी बिजली कनेक्शन लेने और विद्युत सुरक्षा के आवश्यक मानकों का पालन करने को कहा गया है।

विभाग का कहना है कि पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में बिजली संबंधी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

बिजली विभाग ने पूजा समितियों से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। फिलहाल अस्थायी कनेक्शन नहीं लिए जाने से विभाग की चिंता बढ़ गई है।

 

रिपोर्ट- प्रदीप शर्मा, गाजीपुर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]