धानी बाजार। धानी बाजार से महराजगंज जाने वाले ग्रामीणों के लिए सोमवार को बड़ी सौगात मिली। लंबे समय से चली आ रही क्षेत्रवासियों की मांग को देखते हुए फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी की पहल पर धानी बाजार से महराजगंज के बीच सीधी बस सेवा शुरू की गई। सोमवार को विधायक ने हरी झंडी दिखाकर बस को धानी चौराहे से महराजगंज के लिए रवाना किया।
नई बस सेवा का नियमित संचालन प्रतिदिन सुबह आठ बजे धानी चौराहे से महराजगंज के लिए किया जाएगा। सीधी बस सेवा शुरू होने से धानी बाजार और आसपास के गांवों के ग्रामीणों, व्यापारियों, विद्यार्थियों तथा नौकरीपेशा लोगों को जिला मुख्यालय तक आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
अब तक धानी बाजार से महराजगंज के लिए कोई सीधी रोडवेज बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय जाने के लिए फरेंदा अथवा अन्य स्थानों पर वाहन बदलने पड़ते थे। इससे यात्रियों को अतिरिक्त समय और किराया खर्च करना पड़ता था। सीधी बस सेवा शुरू होने के बाद लोगों को इस परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि धानी बाजार से महराजगंज के लिए सीधी बस चलाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विधायक की पहल से मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि बस सेवा शुरू होने से समय और धन दोनों की बचत होगी।
विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि धानी क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए सीधी बस सेवा शुरू कराई गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार आगे भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान गोपाल सिंह, महबूब आलम, मो. सफीक अहमद, विजेंद्र पासवान, राजेश मौर्य, धरम सिंह चौहान, पटवारी निषाद, सुदामा प्रसाद, बबलू मौर्य, विनय पाण्डेय, राघवेन्द्र त्रिपाठी, सतीश सिंह, बृजेश पाण्डेय, लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, गोलू पासवान, अमरमणि पासवान, परदेशी गुप्ता, सोमई यादव, निखिल गौड़, अजहर अली और शोहरत यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।









