दौड़ प्रतियोगिता में किन्नर बने मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी चर्चा में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाटा/कुशीनगर। रामपुर सोहरौना स्थित मां मंझरिया देवी ग्राउंड में मंगलवार को आयोजित दौड़ प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा। प्रतियोगिता में किसी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक नेता को मुख्य अतिथि नहीं बनाया गया, बल्कि किन्नर समाज की रूबी, पायल और रसभरी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया।

आयोजकों की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 5 किलोमीटर और बालिका वर्ग की 2 किलोमीटर दौड़ कराई गई। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं और बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग में गोरखपुर के अभिषेक पासवान ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं प्रिंस द्वितीय और आकाश सिंह तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में पूनम निषाद ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि ललिता दूसरे और खुशबू निषाद तीसरे स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के दौरान विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में किन्नर समाज की मुख्य अतिथि के रूप में मौजूदगी को लेकर स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में किसी राजनीतिक दल के नेता अथवा जनप्रतिनिधि को मुख्य अतिथि नहीं बनाया गया।

आयोजकों का कहना है कि खेल के मंच पर समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी को स्थान देना कार्यक्रम की प्राथमिकता रही। कार्यक्रम का आयोजन गोविंद शर्मा (लाला) के माध्यम से किया गया, जबकि विनय धाकड़ ने व्यवस्थापक की जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम में स्थानीय लोग और प्रतिभागियों के समर्थक मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]