दो आरोपी गिरफ्तार, विद्यालय से चोरी हुआ पूरा सामान पुलिस ने बरामद किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तमकुहीराज। तरया सुजान थाना क्षेत्र के एक विद्यालय में बीते 24 अगस्त को हुई चोरी का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए विद्यालय से चोरी किए गए सामान को बरामद कर लिया है। मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान तमकुहीराज के क्षेत्राधिकारी जयंत यादव ने मामले की जानकारी दी।

सीओ जयंत यादव ने बताया कि विद्यालय में चोरी की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर के कुशल निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज के नेतृत्व में तरया सुजान पुलिस की टीम गठित की गई। इसके साथ ही सर्विलांस टीम को भी लगाया गया। पुलिस टीम ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव राय पुत्र देवनारायण राय, उम्र करीब 32 वर्ष तथा अनिल पाण्डेय उर्फ चांदी लाल पुत्र जनार्दन पाण्डेय, उम्र करीब 40 वर्ष, दोनों निवासी तरया हंसराज कोड़रा, थाना तरया सुजान, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।

सीओ ने बताया कि दोनों आरोपियों के कब्जे से विद्यालय से चोरी किए गए सामान की बरामदगी की गई है। बरामद सामान में दो इनवर्टर बैटरी, एक इनवर्टर, एक साउंड बॉक्स, एक तसला (भटेली), एक कुकर, एक सिलेंडर, एक कढ़ाही, एक पंखा, दो मॉनिटर, दो सीपीयू, दो की-बोर्ड, दो माउस और एक यूपीएस शामिल हैं।

मामले में थाना तरया सुजान में मुकदमा अपराध संख्या 256/26 के तहत धारा 305, 331(4) और 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तरया हंसराज कोड़रा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष नितिन रघुनाथ श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक विपिन यादव, उपनिरीक्षक रविकांत सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस के इस खुलासे से विद्यालय चोरी की घटना का पर्दाफाश होने के साथ ही चोरी गया सामान भी बरामद हो गया है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]