देवरिया, 13 अक्टूबर। जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस ने ‘गुड मॉर्निंग देवरिया’ और एंटी रोमियो अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें सुबह से ही सक्रिय रहीं।
अभियान के तहत पुलिस ने पार्कों, स्टेडियमों, प्रमुख चौराहों, मंदिरों और विद्यालयों के आसपास विशेष निगरानी की। इस दौरान मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिसकर्मियों ने बुजुर्गों से भी संवाद कर उनकी परेशानियों की जानकारी ली तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों को हिदायत दी गई।
एंटी रोमियो टीमों ने स्कूल और कोचिंग जाने वाली छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही वूमेन पावर लाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 के उपयोग के बारे में जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ जनता और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाना है। जिले में यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









