झांसी। जिले के नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित शिवाजी नगर बाजार में एक टेलर की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों के बीच दुकान में रखा लाखों रुपये कीमत का कपड़ा और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, शिवाजी नगर बाजार स्थित टेलर की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। दुकान में बड़ी मात्रा में कपड़े रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
आग की भयावह स्थिति देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि, तब तक दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ा और अन्य सामान जलकर नष्ट हो चुका था। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन होना बाकी है। वहीं, आग लगने के सही कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।









