यूपी सरकार ने जेवर एयरपोर्ट का नाम बदलने का प्रस्ताव पारित किया है. इस फैसले पर AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने प्रतिक्रिया दी है.
एयरपोर्ट का नाम बदलने का प्रस्ताव
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने शुक्रवार, 9 अक्टूबर को गौतमबुद्धनगर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलने का प्रस्ताव पारित किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, अब इसका नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर’ रखने का प्रस्ताव है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात देने के लिए राज्य मंत्रिपरिषद प्रधानमंत्री की आभारी है. उन्होंने बताया कि यह प्रदेश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा और भविष्य में देश का प्रमुख एविएशन हब बनने की क्षमता रखता है.
AIMIM ने दी प्रतिक्रिया
सरकार के फैसले पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रवक्ता शादाब चौहान ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यह सरकार का अपना फैसला है और वह जिसे चाहे, उसका नाम रख सकती है.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह फैसला सरकार को मुबारक हो. शादाब चौहान ने कहा कि एयरपोर्ट का नाम किसी किसान नायक या स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर रखा जाता तो बेहतर होता.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी ब्रांडिंग को प्राथमिकता दे रही है. उनके मुताबिक, जेवर का इलाका किसानों से जुड़ा है, इसलिए किसी किसान नायक को सम्मान दिया जाना चाहिए था. उन्होंने एक ऐसे सैनिक के नाम पर भी एयरपोर्ट का नाम रखने की बात कही, जिसने पाकिस्तान की जेल में पांच साल बिताए हों.









