जिले से बाहर रहकर भी जनता की समस्याएं सुनेंगे पंकज चौधरी, हर शनिवार होगी वीडियो जनसुनवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी अब जिले से बाहर रहने के बावजूद क्षेत्र की जनता से सीधे जुड़े रहेंगे। इसके लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई की नई व्यवस्था शुरू की गई है। शुक्रवार को उन्होंने अपने आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर उनके निस्तारण के निर्देश दिए।

पंकज चौधरी ने बताया कि केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारियों के चलते उन्हें अक्सर जिले से बाहर रहना पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र की जनता से निरंतर संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वीडियो जनसुनवाई की शुरुआत की गई है।

उन्होंने कहा कि अब प्रत्येक शनिवार को सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई की जाएगी। इस दौरान क्षेत्र के लोग अपनी समस्याएं रख सकेंगे। संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण कराने का प्रयास किया जाएगा।

पंकज चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। जिले से बाहर रहने के दौरान भी लोगों से संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान का सिलसिला जारी रहेगा।

शुक्रवार को आयोजित वीडियो जनसुनवाई के दौरान मंत्री प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, डॉ. शांतिशरण मिश्रा, जनार्दन पटेल, राधेश्याम कन्नौजिया, मेवालाल, विजय गौड़, अशोक पटेल और लालजी गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की तकनीकी व्यवस्था सानन्दन पटेल ने कराई।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]