लखीमपुर खीरी। नमामि गंगे ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अंतर्गत संचालित जल जीवन मिशन (JJM) के डैशबोर्ड और जल सारथी ऐप पर पंप ऑपरेटरों के नाम दर्ज किए जाने को लेकर पंप ऑपरेटर यूनियन ने सवाल उठाए हैं।
यूनियन की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में पिछले 3 से 4 वर्षों से पंप ऑपरेटर के पद पर काम कर रहे कर्मचारियों के नाम पोर्टल पर दर्ज नहीं किए गए। आरोप है कि उनकी जगह अज्ञात लोगों के नाम फीड कर दिए गए हैं।
यूनियन का कहना है कि लंबे समय से गांवों में पेयजल आपूर्ति का काम कर रहे वास्तविक पंप ऑपरेटरों का विवरण जल सारथी ऐप और जल जीवन मिशन पोर्टल पर गलत तरीके से दर्ज किया गया है। इससे डिजिटल रिकॉर्ड में वास्तविक कर्मचारियों की जानकारी प्रभावित हो रही है।
पंप ऑपरेटर यूनियन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि जल सारथी ऐप और JJM डैशबोर्ड पर कार्यरत सभी पंप ऑपरेटरों के नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सही तरीके से अपडेट कराया जाए।
मामला सामने आने के बाद अब जल जीवन मिशन के डिजिटल रिकॉर्ड और जमीन पर काम कर रहे पंप ऑपरेटरों के बीच कथित अंतर को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।









