महराजगंज। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राजीव नगर स्थित श्याम मंदिर में शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में भक्तों ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन-पूजन किए और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए श्रद्धा के साथ प्रार्थना की।
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मंदिर पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में फूल अर्पित कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में राधे-राधे बाबा ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का दिन भक्तों के लिए विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में फूल अर्पित कर मनोकामना मांगी जाती है। सच्चे मन से भगवान का स्मरण करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होने का विश्वास श्रद्धालुओं में है।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। भक्त भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं।









