छात्रवृत्ति न आने पर इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों का प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कन्नौज।तिर्वा स्थित राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्रवृत्ति न मिलने से नाराज छात्रों ने एक बार फिर कॉलेज के मुख्य गेट पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। छात्रों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अब तक उनके खातों में छात्रवृत्ति की राशि नहीं पहुंची है। इससे उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ हॉस्टल फीस जमा करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है

बताया गया कि छात्रवृत्ति को लेकर इससे पहले भी कॉलेज के छात्रों ने प्रदर्शन किया था। उस समय समाज कल्याण राज्यमंत्री की ओर से छात्रों को आश्वासन दिया गया था कि एक सितंबर से छात्रवृत्ति पोर्टल दोबारा खोला जाएगा और पात्र छात्रों की लंबित छात्रवृत्ति जल्द जारी की जाएगी। निर्धारित समय बीतने के बाद भी छात्रवृत्ति की रकम खातों में नहीं पहुंची, जिससे छात्रों में नाराजगी बढ़ गई।

बुधवार को बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज के मुख्य गेट पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि छात्रवृत्ति उनके लिए आर्थिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। राशि नहीं मिलने के कारण कई छात्रों के सामने फीस और हॉस्टल का खर्च उठाने की समस्या खड़ी हो गई है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मांग की कि छात्रवृत्ति पोर्टल जल्द खोला जाए और लंबित राशि का भुगतान तत्काल कराया जाए। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

फिलहाल कॉलेज प्रशासन छात्रों को समझाने और मामले को शांत कराने में जुटा है। हालांकि छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]