महराजगंज। जिला मुख्यालय पर बुधवार को भीम आर्मी/आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में गोंडा और अयोध्या में हुई हत्याओं, बाराबंकी में चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हुए कथित हमले, पंचायत सहायकों की समस्याओं तथा 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े मामलों को उठाया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि 13 सितंबर को बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के बुढ़वल में चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रोके जाने के बाद पथराव और हिंसक हमले की शिकायत सामने आई थी। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा का खतरा आकलन कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
कार्यकर्ताओं ने लखनऊ के ईको गार्डन में धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। वहीं 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण से संबंधित मामले में पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का पालन कराने पर जोर दिया गया।
ज्ञापन में सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर की मस्जिद और मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद समेत धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया गया। पार्टी ने इन मामलों में निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाने और संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से विभिन्न मामलों में निष्पक्ष जांच, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग राष्ट्रपति तक पहुंचाई गई है।









