भैया फरेंदा। गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर स्थित 11-सी और 13-सी रेलवे अंडरपास में पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश के बाद जलभराव की समस्या बनी हुई है। कई दिनों से पानी जमा होने के कारण दोनों अंडरपास तालाब की तरह नजर आ रहे हैं। इससे राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों, स्कूल बसों और बड़े वाहनों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के बाद अंडरपास में कई दिनों तक पानी जमा रहता है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार बारिश के बाद यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। पानी के बीच से गुजरते समय कई दोपहिया वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ने से गिरने और चोटिल होने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।
जलभराव के कारण बड़े वाहनों को भी अंडरपास से निकलने में परेशानी हो रही है। स्कूली बच्चों को लेकर आने-जाने वाली बसों के चालकों को भी पानी के बीच से वाहन निकालना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं होने से समस्या लगातार बनी हुई है।
लोगों ने बताया कि इस संबंध में जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उनका कहना है कि बारिश के बाद पानी जमा होने की समस्या पहले से सामने आती रही है, इसके बावजूद समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की जाती।
स्थानीय लोगों ने रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों से दोनों अंडरपास में जमा पानी को तत्काल निकलवाने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान आवागमन बाधित न हो और राहगीरों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में आनंदनगर के आईओडब्ल्यू इसरार अहमद ने बताया कि सोमवार को दोनों अंडरपास से पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।









