बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने एनडीए की जीत का दावा किया है। पटना में वासंतिक रबी महाभियान-2026 के शुभारंभ के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वह एनडीए गठबंधन के चुनाव प्रचार में शामिल होने जा रहे हैं।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि संबंधित निर्वाचन क्षेत्र नवल किशोर यादव और नीरज कुमार से जुड़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव में एनडीए को जीत मिलेगी। मंत्री ने कहा कि स्नातक, शिक्षक और स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में समाज के प्रबुद्ध लोग मतदान करते हैं, जिनकी भूमिका बिहार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण है।
‘बिहार अब अराजकता नहीं, विकास चाहता है’
कृषि मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार की जनता अब अराजकता नहीं चाहती। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने बिहार को विकास और सुशासन की पहचान दिलाई है। उनके मुताबिक, जनता ऐसे नेतृत्व की अपेक्षा करती है जो राज्य को समृद्धि की ओर ले जाए और बिहारियों को गौरवान्वित करे।
अनंत सिंह के मुद्दे पर कही यह बात
अनंत सिंह और मोकामा क्षेत्र से जुड़े विवाद पर सवाल पूछे जाने पर विजय सिन्हा ने कहा कि वोट जनता देगी और जनता ही मालिक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय मतदाताओं के हाथ में है।
विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर एनडीए नेताओं की चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। नवल किशोर यादव और नीरज कुमार के समर्थन में बाढ़ और नालंदा में बैठक एवं जनसभा आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है। इन कार्यक्रमों में एनडीए के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की बात कही गई है।
रिपोर्ट: रमण कुमार, पटना।









