कशीनगर। रामनारायण इंटर कॉलेज, कठकुइयां में कक्षा 11 की छात्रा से जुड़े कथित आपत्तिजनक कृत्य के मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है।
एबीवीपी के जिला संयोजक नितेश सिंह की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल अभिषेक प्रताप पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ज्ञापन में दावा किया गया है कि वाइस प्रिंसिपल और कक्षा 11 की एक छात्रा से संबंधित कथित आपत्तिजनक तस्वीरें और खबरें सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
एबीवीपी ने मामले को छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षण संस्थान की गरिमा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। संगठन ने कहा कि जांच पूरी होने तक संबंधित वाइस प्रिंसिपल को निलंबित किया जाए और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
संगठन ने विद्यालय में पढ़ने वाली अन्य छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। वहीं, कॉलेज प्रशासन से मामले पर पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने तत्काल प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए कहा कि वह दो दिन बाद अपना पक्ष रखेंगे।
फिलहाल प्रशासन की जांच और कॉलेज प्रशासन के आधिकारिक पक्ष के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।









