किसान शहीद दिवस को सफल बनाने के लिए सपा नेताओं ने की बैठक, रामकोला पहुंचने की अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया, कुशीनगरआगामी 10 सितंबर को रामकोला में आयोजित होने वाले 34वें किसान शहीद दिवस को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को टेकुआटार नई बाजार में समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में किसान शहीद दिवस में अधिक से अधिक किसानों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई। इस दौरान लोगों से बड़ी संख्या में रामकोला पहुंचकर किसान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की गई।

बैठक पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह, मोहन सिंह और लक्ष्मण सिंह की मौजूदगी में हुई। नेताओं ने कहा कि किसान शहीद दिवस प्रत्येक वर्ष 10 सितंबर को रामकोला में आयोजित किया जाता है। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से किसान, सपा कार्यकर्ता और आम नागरिक रामकोला मिल परिसर में पहुंचकर किसान शहीदों को नमन करते हैं और उनके संघर्ष एवं बलिदान को याद करते हैं।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि 10 सितंबर 1992 को रामकोला त्रिवेणी चीनी मिल के गेट पर गन्ने के मूल्य में वृद्धि और बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान की मांग को लेकर किसान आंदोलन कर रहे थे। इसी दौरान हुए पुलिस गोलीकांड में किसान पड़ोही और जमादार मियां शहीद हो गए थे। किसानों के हितों के लिए दिए गए उनके बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष किसान शहीद दिवस का आयोजन किया जाता है।

सपा नेताओं ने कहा कि किसान शहीद दिवस केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि किसानों के अधिकारों और उनके संघर्ष को याद करने का दिन भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव संपर्क कर लोगों को कार्यक्रम की जानकारी देने तथा अधिक से अधिक संख्या में रामकोला पहुंचने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

बैठक में इलियास अंसारी, शमशाद नेता, योगेंद्र तिवारी, ब्यास तिवारी, मेहदी हसन, बुलेट सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में सपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने किसान शहीद दिवस को सफल बनाने के लिए पूरी सहभागिता का संकल्प लिया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]