कानपुर। शहर में पिछले करीब 18 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून की विदाई की सामान्य प्रक्रिया के बीच बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण मानसूनी गतिविधियां दोबारा सक्रिय हुई हैं। इसके चलते कानपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी है।
लगातार बारिश से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। शहर के निचले इलाकों और कई सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 4 अक्टूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है। प्रशासन की ओर से लोगों को जलभराव वाले रास्तों पर सावधानी बरतने और बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जा रही है।
कानपुर से विपिन सागर के साथ रवि कुशवाह की रिपोर्ट।









