कानपुर देहात में युवक की हत्या की कोशिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कानपुर देहात थाना  सिकंदरा क्षेत्र में युवक को कार में जबरन बैठाकर मारपीट करने और हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की टाटा नेक्सॉन कार भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को एक युवक को खेत के पास से जबरन कार में बैठाकर मारपीट की गई। आरोप है कि ग्राम जमौरा स्थित देशी शराब ठेके के पास कार रोककर धारदार हथियार और तमंचे की बट से उसके सिर और मुंह पर वार किए गए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवक की पीठ और छाती पर बैठकर उसकी जान लेने का प्रयास किया और धमकी भी दी।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। 30 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर महमूदपुर झाल क्षेत्र से हर्षित यादव उर्फ गौरव यादव, मनी यादव उर्फ मोलू यादव और जयनीत कटियार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और 28 अगस्त की शाम कार से बलियापुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तलुवापुर निवासी अमित तिवारी से उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद तीनों ने अमित को जबरन कार में बैठा लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए जमौरा स्थित शराब ठेके के पास ले गए। वहां भी मारपीट की गई, लेकिन भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा नेक्सॉन कार संख्या UP 77 AV 5704 बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में हर्षित यादव और मनी यादव का पूर्व आपराधिक इतिहास है, जबकि जयनीत कटियार के खिलाफ भी पूर्व में मुकदमा दर्ज है।

पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

 

कानपुर देहात/उत्कर्ष सिंह।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]