प्रतापगढ़। लालगंज थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय कलापुर की रसोई का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी के दौरान ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी किया गया गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर को कंपोजिट विद्यालय कलापुर के प्रधानाध्यापक श्यामलाल ने लालगंज थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि विद्यालय की रसोई का ताला तोड़कर इंडेन गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया। आरोपी सिलेंडर को लेकर विद्यालय की बाउंड्री पार कर रहे थे, तभी ग्रामीणों की नजर पड़ गई और उन्होंने दोनों को पकड़ लिया।
मामले की सूचना मिलने के बाद लालगंज पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम मिश्रा (22) पुत्र रमाकांत मिश्रा निवासी अमावां और अमन मिश्रा (20) पुत्र सत्यप्रकाश मिश्रा निवासी इनहन के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया गैस सिलेंडर बरामद कर लिया। मामले में थाना लालगंज में धारा 305/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।









