एटा। निधौली कलां थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में मंदिर के पास एक साधु की हत्या से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर ने साधु पर हमला कर ईंट से सिर पर वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एटा एसएसपी डॉ. इलामारन जी और एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले में गब्बर उर्फ संदीप नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों की ओर से आरोपी को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जाने की बात सामने आई है, जबकि पुलिस भी आरोपी की मानसिक स्थिति से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









