इलाहाबाद हाईकोर्ट में मुकदमा दूसरे न्यायमूर्ति की पीठ में स्थानांतरित करने की मांग, किसानों ने सौंपा प्रार्थना पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। इलाहाबाद हाईकोर्ट में चल रहे आशीष अस्थाना बनाम स्टेट ऑफ उत्तर प्रदेश एंड 69 अदर्स रिट-सी संख्या 37329/2026 की सुनवाई को कोर्ट संख्या 37 से हटाकर किसी अन्य न्यायमूर्ति की पीठ में स्थानांतरित करने की मांग को लेकर पट्टाधारी किसानों ने प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को दिया है। मामले की सुनवाई 24 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे निर्धारित है।

किसानों का आरोप है कि मुकदमे में विपक्षी प्रभावशाली व्यक्ति हैं और उनके अधिवक्ता का संबंधित न्यायमूर्ति से पूर्व में वकालत के दौरान परिचय रहा है। किसानों ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि अधिवक्ता और न्यायमूर्ति पहले एक साथ वकालत कर चुके हैं। ऐसे में उन्हें निष्पक्ष सुनवाई को लेकर आशंका है। किसानों का कहना है कि विपक्षी की ओर से मनमुताबिक फैसला आने की बातें कही जा रही हैं, जिससे उनमें चिंता बनी हुई है।

प्रार्थना पत्र में बताया गया कि मामला करीब 55 एकड़ कृषि भूमि से संबंधित है और किसान आर्थिक रूप से कमजोर हैं। किसानों ने अनुरोध किया कि मुकदमे की सुनवाई किसी अन्य न्यायमूर्ति की पीठ में स्थानांतरित की जाए, ताकि मामले के गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष निर्णय हो सके।

प्रार्थीगण में किसान नेता राम आशीष के साथ रामचरन, रामवृक्ष, चन्नर, महेन्दर, सोना देवी, प्रकाश, विनोद सहित अन्य पट्टाधारी किसान मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]