नौतनवा/महराजगंज। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से आगाज फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को परसा मलिक ग्राम सभा स्थित मदरसा दारुल मिसबाउल उलूम में ड्रेस वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गरीब परिवारों से जुड़ी 20 बच्चियों को नई ड्रेस वितरित की गई। नई ड्रेस पाकर बच्चियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में आगाज फाउंडेशन के प्रबंधक वसीम खान मदरसे में पहुंचे और अपने हाथों से बच्चियों को ड्रेस वितरित की। ड्रेस मिलने के बाद बच्चियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। इस पहल की मौजूद लोगों ने सराहना की।
इस अवसर पर वसीम खान ने कहा कि आर्थिक मजबूरी किसी भी बच्चे की पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए। जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फाउंडेशन अपनी क्षमता के अनुसार लगातार प्रयास करता रहेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों को किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर फाउंडेशन की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चियों के साथ शिक्षक और छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में छोटे-छोटे सहयोग से जरूरतमंद बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
इस मौके पर आगाज फाउंडेशन के जावेद कुरैशी, इस्मा एजुकेशन सोसाइटी के प्रबंधक इम्तियाज हुसैन, मास्टर नियाज, अबरार अहमद, मनोज कुमार वर्मा, महात्मा रामराज, महात्मा झिनक सहित मदरसे के प्रिंसिपल मौलाना फुजायल, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।









