शाहजहांपुर तिलहर,सोशल मीडिया पर हिंदू संगठनों एवं कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक एवं धमकीपूर्ण टिप्पणियों के मामले में कई बार शिकायत और कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद कार्रवाई न होने पर सोमवार को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने थाना तिलहर परिसर में धरना-प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष दीपक त्रिपाठी एवं जिला महासचिव शुभम मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाना परिसर पहुंचे और मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट एवं आपत्तिजनक टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट पहले ही पुलिस को उपलब्ध कराए जा चुके हैं, इसके बावजूद कार्रवाई में देरी की जा रही थी।
धरने के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। धरना-प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी द्वारा मुकदमा पंजीकृत किए जाने की जानकारी दी गई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष दीपक त्रिपाठी, जिला महासचिव शुभम मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष रामलखन एवं आशीष सिंह, जिला सचिव लोकेश शास्त्री, मोहित, कुलदीप, सूरज, लखन, विनय, गोलू, राजीव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक भाषा एवं धमकीपूर्ण टिप्पणियों को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।









