पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस ने अभियान चलाया। सीओ यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से लगाए गए ठेला-खोमचा तथा खड़े ऑटो और ई-रिक्शा को हटवाया गया।
पुलिस टीम ने दुकानदारों, ठेला-खोमचा संचालकों और वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि सड़क पर सामान या वाहन इस तरह खड़ा न करें, जिससे राहगीरों और वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो। निर्धारित और यातायात में बाधा रहित स्थानों पर ही वाहन खड़े करने की चेतावनी दी गई।
यातायात प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि कई स्थानों पर ठेला-खोमचा और ऑटो-ई-रिक्शा के बेतरतीब खड़े होने से यातायात प्रभावित हो रहा था। अभियान के दौरान संबंधित लोगों को मौके पर चेतावनी देते हुए अतिक्रमण हटवाया गया।
उन्होंने कहा कि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण या वाहन बेतरतीब खड़े मिले तो संबंधित के खिलाफ जुर्माने के साथ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अतिक्रमण और बेतरतीब पार्किंग के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









