सांड के हमले में महिला गंभीर घायल, जिम्मेदारों की लापरवाही पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

कुशीनगर के डुमरी स्वांगीपट्टी न्याय पंचायत क्षेत्र के लालीपार गांव में गुरुवार को खेत में चारा काटने गई महिला पर सांड ने अचानक हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई, जबकि ग्रामीणों में जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी देखने को मिली।

लालीपार गांव निवासी ईश्वर चंद्र प्रजापति की पत्नी पुष्पा देवी पशुओं के लिए चारा काटने खेत में गई थीं। इसी दौरान पीछे से पहुंचे सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें पटक दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह सांड को वहां से हटाकर महिला को बचाया।

ग्रामीणों ने घटना की सूचना एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस के पहुंचने पर घायल पुष्पा देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

सीएचसी हाटा के चिकित्सक डॉ. प्रशांत कुमार मल्ल ने बताया कि महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया है। उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें के लिए रेफर किया गया।

पहले भी लोगों पर हमला करने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि हमला करने वाला सांड पहले भी क्षेत्र में कई लोगों को घायल कर चुका है। ग्रामीणों के मुताबिक, सांड को पकड़वाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सांड को पकड़ लिया जाता तो महिला के साथ हुई घटना को टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से हमलावर सांड को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है।

साथ ही क्षेत्र में घूम रहे अन्य आवारा पशुओं के खिलाफ अभियान चलाने और इस मामले में यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मनोज कुमार यादव | हाटा, कुशीनगर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]