कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे-28 स्थित जोल्हनिया चौराहे पर शनिवार शाम करीब 7:30 बजे बारिश के दौरान दो वाहनों की भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बोलेरो में सवार श्रद्धालुओं समेत कई लोगों को चोटें आईं। सभी घायलों का निजी अस्पताल में उपचार कराने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर से श्रद्धालुओं को लेकर बोलेरो संख्या UP52 N 6751 इटिया देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। इसी दौरान कसया की तरफ से गोरखपुर जा रही मारुति कार संख्या UP57 AZ 9366 जोल्हनिया चौराहे के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि कार के पहिए से चिंगारी निकलने लगी और कार दक्षिणी लेन से उत्तरी लेन की ओर पहुंच गई।
सामने से बोलेरो को आता देख चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया और वाहन को डिवाइडर पर चढ़ा दिया। बोलेरो डिवाइडर पार कर दक्षिणी लेन में जाकर पलट गई। वहीं मारुति कार हाईवे किनारे लगी स्ट्रीट लाइट से टकराकर रुक गई।
बोलेरो में सात तथा मारुति कार में तीन लोग सवार थे। मारुति कार का एयरबैग खुलने से उसमें सवार लोगों को मामूली चोटें आईं। बोलेरो पलटने से उसमें सवार कई लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।









