तमकुहीराज। सरकार और शासन द्वारा जनहित में आयोजित थाना समाधान दिवस का उद्देश्य पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति में भूमि एवं अन्य विवादित मामलों का त्वरित निस्तारण कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। लेकिन शनिवार को तमकुहीराज थाने पर आयोजित थाना समाधान दिवस लेखपालों के आंदोलन के कारण फीका साबित हुआ।
तहसील प्रशासन की ओर से केवल राजस्व निरीक्षक राजेन्द्र यादव ही थाना समाधान दिवस में पहुंचे, जबकि कोई भी लेखपाल उपस्थित नहीं रहा। राजस्व विभाग की अनुपस्थिति का असर फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण पर साफ दिखाई दिया। क्षेत्र से भी बहुत कम फरियादी पहुंचे और कुल तीन शिकायतें दर्ज हुईं, लेकिन एक भी मामले का मौके पर समाधान नहीं हो सका।
थाना समाधान दिवस में किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के नहीं पहुंचने से फरियादियों में निराशा रही। अधिकांश शिकायतें राजस्व से जुड़ी होने के कारण लेखपालों की अनुपस्थिति में आवश्यक कार्रवाई नहीं हो सकी। अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आए लोग मायूस होकर वापस लौट गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना समाधान दिवस तभी प्रभावी होगा, जब पुलिस और राजस्व विभाग के सभी जिम्मेदार अधिकारी नियमित रूप से उपस्थित रहकर शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।









