महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा के सोनौली क्षेत्र से बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के पकड़े गए संदिग्ध विदेशी नागरिक जॉर्डन ने पूछताछ के दौरान एक बार फिर अपना बयान बदल दिया है। पहले खुद को अमेरिकी नागरिक बताने वाला जॉर्डन अब जांच अधिकारियों के सामने स्वयं को इंग्लैंड का निवासी बता रहा है। उसके लगातार बदलते बयानों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ा दी है।
जांच में शामिल अधिकारियों के अनुसार, जॉर्डन से कई चरणों में पूछताछ की जा रही है। अब तक वह अपनी पहचान, भारत आने का उद्देश्य और नेपाल जाने की वजह को लेकर अलग-अलग जानकारी देता रहा है। कभी उसने खुद को अमेरिकी नौसेना से जुड़ा बताया, तो कभी अन्य देशों में रहने और काम करने की अलग-अलग कहानियां सुनाईं। अब उसने नया दावा करते हुए कहा है कि वह इंग्लैंड का निवासी है। इस कारण उसकी वास्तविक पहचान की पुष्टि करना जांच एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है।
सुरक्षा एजेंसियां जॉर्डन की यात्रा से जुड़े दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। उसके मोबाइल फोन से प्राप्त होने वाले डिजिटल डेटा और विभिन्न एजेंसियों के इनपुट के आधार पर उसके भारत आने के वास्तविक उद्देश्य का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पहले भी उसकी ट्रैवल हिस्ट्री और बयानों में कई विरोधाभास सामने आ चुके हैं।
गौरतलब है कि जॉर्डन को 11 जुलाई को उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले में भारत-नेपाल सीमा के पास बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के नेपाल जाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था। उसके खिलाफ आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद से स्थानीय पुलिस, खुफिया एजेंसियां तथा केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां लगातार उससे पूछताछ कर रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि जब तक उसकी पहचान और उद्देश्य पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो जाते, जांच जारी रहेगी। एजेंसियां उसके हर नए दावे का अलग-अलग स्तर पर सत्यापन कर रही हैं।









