NHM संविदा कर्मचारियों की दो प्रमुख मांगों को लेकर आवाज बुलंद, नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। जिला मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को लेकर संगठन की ओर से मांग पत्र भेजा गया। इसमें प्रदेश में कार्यरत एक लाख से अधिक NHM संविदा कार्मिकों के हित में दो प्रमुख मांगों के साथ छह सूत्रीय मांग पत्र प्रस्तुत किया गया है। संगठन ने मांगें पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि उत्तर प्रदेश में NHM के तहत एक लाख से अधिक संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में लगातार योगदान दे रहे हैं। ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में संविदा कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

ज्ञापन में कहा गया कि कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में भी NHM कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाईं। वर्तमान में टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन, संचारी एवं गैर-संचारी रोग नियंत्रण तथा विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों के संचालन में भी कर्मचारी लगातार सेवाएं दे रहे हैं।

संगठन की पहली प्रमुख मांग NHM संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण है। मांग की गई कि लंबे समय से निरंतर सेवा दे रहे कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाए।

दूसरी प्रमुख मांग समान कार्य-समान वेतन लागू करने की है। संगठन ने कहा कि जब तक समान कार्य-समान वेतन की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक वर्तमान वेतन में तत्काल वृद्धि कर कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन दिया जाए। साथ ही जिन संविदा पदों का स्वास्थ्य विभाग में पद सृजन नहीं हुआ है, उन पदों का सृजन करने की मांग भी की गई है।

संगठन ने अन्य राज्यों में NHM कर्मचारियों को मिल रही सुविधाओं का हवाला देते हुए उत्तर प्रदेश में भी बेहतर वेतन, सेवा सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है।
दीपक वर्मा,मुकेश कुमार,हरदेव,अरविन्द,विकास, राजन्द्र कुमार,मिथिलेश, अजीत डा० हरीकेश,डा० जीवद,डा० अनिल,वैभव श्रीवास्तव,डा० शुभ अम्बोज, डा० अम्बरूल,दीपक त्रिपाठी, अनिल कुमार तथा तमाम लोग उपस्थित रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]