कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक अग्निकांड में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में 6 पुरुष, 2 महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग बुधवार तड़के करीब 2 बजे कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में लगी। घटना के समय होटल में ठहरे अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। देखते ही देखते आग और धुआं तेजी से फैलने लगा, जिससे होटल में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग से उठ रहे घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों को अंदर पहुंचने और ऊपरी मंजिलों तक जाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
दमकल विभाग के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले लोग बांग्लादेशी नागरिक बताए जा रहे हैं, जो इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे। हादसे के दौरान करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग लगने की वजह अब भी रहस्य
दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, आग किस वजह से लगी, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने होटल के दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों और होटल में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।









