पकड़ी-पढ़रहवा मोड़ पर आमने-सामने की टक्कर, तीन लोग गंभीर घायल, दो जिला अस्पताल रेफर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर : खड्डा क्षेत्र के पकड़ी और पढ़रहवा मोड़ के समीप रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां दो की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार भैंसहा गांव निवासी अनिरुद्ध यादव (55 वर्ष) रोज की तरह सुबह दूध लेकर खड्डा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पकड़ी-पढ़रहवा मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।

हादसे में अनिरुद्ध यादव के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनके सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दूसरी बाइक चला रहा भोला राजभर (26 वर्ष) ग्राम सभा लक्ष्मीपुर पढ़रहवा का निवासी बताया जा रहा है। वह पकड़ी की ओर जा रहा था। दुर्घटना में भोला राजभर समेत कुल तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को एंबुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अनिरुद्ध यादव और भोला राजभर की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि तीसरे घायल का उपचार स्थानीय स्तर पर चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक की रफ्तार तेज थी, जिसके कारण मोड़ पर अचानक आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि पकड़ी-पढ़रहवा मोड़ पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मोड़ पर चेतावनी संकेतक एवं सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और घायलों के बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]