महराजगंज। निचलौल-महराजगंज मार्ग स्थित एनएच-730 पर दमकी गैस एजेंसी के पास मंगलवार को तेज रफ्तार डंपर-ट्रेलर की चपेट में आने से चार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मृतक सभी युवक मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के पचमा गांव के रहने वाले थे। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पचमा गांव में मातम छा गया। मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल था संबंधित अस्पताल पहुंचे। चार युवकों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
ग्रामीणों ने एनएच-730 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि बेकाबू गति से चलने वाले भारी वाहनों के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।
पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल डंपर-ट्रेलर और उसके चालक के संबंध में पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चार युवकों की असमय मौत ने पचमा गांव समेत पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।









