सीएम योगी का जनता दर्शन, फरियादियों को मिला भरोसा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान करीब 150 फरियादियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी शिकायतें और समस्याएं उनके सामने रखीं। सीएम योगी ने एक-एक कर लोगों की बात सुनी और अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “चिंता मत करें, सभी की समस्या पर प्रभावी कार्रवाई होगी।” जमीन पर कब्जे और अपराध से जुड़ी शिकायतों को लेकर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य मामलों में भी संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों से भी मुख्यमंत्री ने मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों से इलाज का इस्टीमेट जल्द प्राप्त करने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से इलाज के लिए आवश्यक धन उपलब्ध कराया जाएगा।

इस दौरान बच्चों के साथ पहुंचीं महिलाओं से भी सीएम योगी ने मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को दुलारा, चॉकलेट दी और आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति स्नेह देखकर वहां मौजूद लोगों में भी उत्साह नजर आया।

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोसेवा की। अपनी आवाज सुनकर पास पहुंचे गोवंश को उन्होंने पुकारा और उनके माथे पर हाथ फेरते हुए अपने हाथों से गुड़ खिलाया। गायों और नंदी की देखभाल को लेकर उन्होंने गोशाला के कार्यकर्ताओं को जरूरी निर्देश भी दिए।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]