चार युवकों की मौत के बाद भड़का आक्रोश, NH-730S पर ग्रामीणों ने लगाया जाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निचलौल (महराजगंज)निचलौल थाना क्षेत्र में डंपर की चपेट में आने से चार युवकों की मौत के बाद बुधवार सुबह लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने NH-730S स्थित बरोहिया रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात दमकी गांव के पास भारत गैस गोदाम के समीप तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से चार युवकों की मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। बुधवार सुबह परिजन और ग्रामीण सड़क पर पहुंच गए और मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। निचलौल के एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। हालांकि, परिजन जिलाधिकारी से सीधे वार्ता और मुआवजे की घोषणा की मांग पर अड़े रहे।

प्रशासन की ओर से लोगों को नियमानुसार सहायता और कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने स्थिति को सामान्य कराने का प्रयास किया।

फिलहाल हादसे के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चार युवकों की मौत से इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिजन दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

 रिपोट-अर्शोक कुमार

और पढ़ें

[the_ad id="164"]