बाराबंकी के हैदरगढ़ में निजी फाइनेंस कंपनी की पिकअप गाड़ी को सीज करने के दौरान कथित अभद्रता, गाली-गलौज और मोबाइल व रुपये छीनने का मामला सामने आया है। जगदीशपुर बाईपास से पिकअप को ले जाकर हैदरगढ़ स्थित एक यार्ड में खड़ा किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया।
सूचना पर किसान क्रांति यूनियन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद काफी देर तक हंगामा चलता रहा।जानकारी के अनुसार, अमेठी जनपद के जामो थाना क्षेत्र के पूरे सूबेदार चौबे निवासी विपिन यादव पुत्र ध्रुवचंद्र यादव पिकअप संख्या UP 41 AT 6574 से जुड़े मामले में चालक के रूप में मौजूद थे।
आरोप है कि शाम को स्कॉर्पियो वाहन लेकर पहुंचे लोगों ने जगदीशपुर बाईपास से पिकअप को अपने कब्जे में लिया और बाराबंकी के हैदरगढ़ स्थित एक यार्ड में खड़ा कर दिया।विपिन यादव ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और रुपये छीन लिए गए। उनके साथ मौजूद लोगों ने भी मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।मामले की जानकारी मिलने पर किसान क्रांति यूनियन के पूर्वांचल प्रभारी राघवेंद्र मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गाड़ी की किस्त नौ अक्टूबर को भी जमा की गई थी,
जबकि दो किस्तें बकाया थीं। घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। दोनों पक्षों को बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाराबंकी रिपोर्टर:रवेंद्र वर्मा









