कानपुर। कल्याणपुर क्षेत्र के पुराने शिवली रोड स्थित विश्वास हॉस्पिटल पर ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में तौलिया छोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित परिवार का दावा है कि करीब चार महीने बाद दूसरे अस्पताल में दोबारा ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट से तौलिया निकाला गया। मामले में पीड़ित ने कल्याणपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता वीरेंद्र कुमार के अनुसार, उनकी पत्नी का 10 जून 2026 को विश्वास हॉस्पिटल में ऑपरेशन हुआ था। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती गई। परेशानी बढ़ने पर दूसरे अस्पताल में जांच कराई गई, जहां दोबारा ऑपरेशन के दौरान पेट से तौलिया निकलने का दावा किया गया।
वीरेंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि पत्नी के पास आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद अस्पताल ने योजना का लाभ नहीं दिया। इलाज के नाम पर परिवार को लाखों रुपये खर्च करने पड़े। घटना से परेशान परिवार ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सकों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, इस मामले में विश्वास हॉस्पिटल के मालिक और डॉक्टर ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
कानपुर के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमि ने बताया कि अभी तक पीड़ित परिवार उनके पास शिकायत लेकर नहीं पहुंचा है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।









