फर्रुखाबाद। जिले के कंपिल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और कर्मचारियों की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। अस्पताल में एक नाबालिग किशोरी से झाड़ू लगवाने का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, डॉक्टरों के समय से अस्पताल नहीं पहुंचने और दवा वितरण व्यवस्था में लापरवाही के आरोपों से मरीजों में नाराजगी है।
जानकारी के अनुसार, कंपिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराने पहुंचे मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि चिकित्सक निर्धारित समय पर अस्पताल नहीं पहुंचते। सुबह 10:30 बजे के बाद डॉक्टरों के आने की शिकायतें हैं। आरोप है कि सुबह 11:30 बजे तक भी कई चिकित्सक अपने कक्षों में मौजूद नहीं थे।

मरीजों का कहना है कि अस्पताल में दवा वितरण की व्यवस्था भी बदहाल है। भीड़ बढ़ने पर दवा काउंटर के कर्मचारी खिड़की बंद कर चले जाते हैं, जिससे मरीजों को परेशान होना पड़ता है। विरोध करने पर कर्मचारियों द्वारा तीमारदारों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
वहीं, अस्पताल परिसर में एक किशोरी के सफाई करने का कथित वीडियो वायरल होने से व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन का पक्ष सामने नहीं आया है।









